भाजपा 24 अगस्त को कर्नाटक विधान सौध का घेराव करेगी: नेता प्रतिपक्ष अशोक
भाजपा 24 अगस्त को कर्नाटक विधान सौध का घेराव करेगी: नेता प्रतिपक्ष अशोक
बेंगलुरु, 23 अगस्त (भाषा) कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सहयोगी जद (एस) योजना एवं सांख्यिकी मंत्री बी. नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग को लेकर 24 अगस्त को विधान सौध का घेराव करेगी।
अशोक ने यहां पत्रकारों से कहा कि 89 करोड़ रुपये के कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम घोटाले में कथित संलिप्तता के कारण नागेंद्र को मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पिछले एक सप्ताह से राज्यभर में प्रदर्शन कर रहे हैं और दिन-रात धरना दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे पार्टी कार्यकर्ता फ्रीडम पार्क से मार्च निकालकर विधान सौध का घेराव करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र भी प्रदर्शन में शामिल होंगे।
अशोक ने कहा, ‘‘हम यहीं नहीं रुकेंगे। हम कल भी विधान सौध का घेराव करेंगे।’’
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जवाबी प्रदर्शन कर सच्चाई को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
वाल्मीकि निगम विवाद मई-जून 2024 में सामने आया था। उस समय निगम के लेखा अधीक्षक पी. चंद्रशेखरन ने आत्महत्या कर ली थी और एक पत्र में निगम में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था।
जांच में पता चला कि निगम के यूनियन बैंक के खाते से 89 करोड़ रुपये अवैध रूप से विभिन्न खातों में भेजे गए थे। बाद में कथित तौर पर धन के दुरुपयोग की राशि करीब 187 करोड़ रुपये आंकी गई।
उस समय अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री रहे नागेंद्र ने विवाद और केंद्रीय एजेंसियों की जांच के बीच छह जून 2024 को सिद्धरमैया मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।
उन्हें तीन अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के मंत्रिमंडल में फिर शामिल किया गया और मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान उन्हें योजना एवं सांख्यिकी विभाग दिया गया। इस विस्तार में कांग्रेस के 19 विधायक मंत्री बनाए गए थे।
अशोक ने रविवार को कांग्रेस नेतृत्व की ‘निष्ठा’ पर सवाल उठाते हुए पूछा कि वह अनुसूचित जनजातियों के हितों, संवैधानिक मूल्यों और करदाताओं के पैसे के उचित इस्तेमाल के साथ है या नागेंद्र के साथ।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘नागेंद्र के खिलाफ 34 से अधिक मामले हैं और ये सभी मामले लूट से जुड़े हैं।’’
अशोक ने दावा किया कि भाजपा ने खनन और वाल्मीकि निगम सहित 35 मामलों का विवरण तैयार किया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री और जद (एस) के प्रदेश अध्यक्ष एच. डी. कुमारस्वामी के साथ इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की है और कुमारस्वामी ने आंदोलन जारी रखने का समर्थन किया है।
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


