‘ऑपरेशन तूफान’ का लक्ष्य गिरफ्तारी में शीर्ष पर रहना नहीं: चेन्निथला

‘ऑपरेशन तूफान’ का लक्ष्य गिरफ्तारी में शीर्ष पर रहना नहीं: चेन्निथला

‘ऑपरेशन तूफान’ का लक्ष्य गिरफ्तारी में शीर्ष पर रहना नहीं: चेन्निथला
Modified Date: August 23, 2026 / 12:40 pm IST
Published Date: August 23, 2026 12:40 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 23 अगस्त (भाषा) केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन तूफान’ का उद्देश्य गिरफ्तारी के आंकड़ों में शीर्ष पर रहना नहीं, बल्कि नशीले पदार्थों के स्रोतों की पहचान करना, उनकी आपूर्ति शृंखला को तोड़ना और राज्य को अधिक सुरक्षित बनाना है।

उन्होंने मीडिया के एक वर्ग की उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि मुस्लिम बहुल मलप्पुरम जिले में सबसे अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं।

चेन्निथला ने शनिवार शाम ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि केरल पुलिस कुछ जिलों में शहर और ग्रामीण पुलिस जिलों के अलग-अलग ढांचे के माध्यम से काम करती है।

उन्होंने कहा, “जब भौगोलिक तुलना के लिए शहर और ग्रामीण पुलिस के आंकड़ों को जोड़ा जाता है, तो एर्नाकुलम में 1,393, कोझिकोड में 1,373 और मलप्पुरम में 999 गिरफ्तारियां हुई हैं। कोझिकोड में सबसे अधिक 1,327 मामले भी दर्ज किए गए हैं।”

उन्होंने आगाह किया कि अधिक गिरफ्तारियों या मामलों का मतलब यह नहीं है कि किसी जिले में मादक पदार्थों की समस्या अधिक है।

उन्होंने कहा, “ये आंकड़े हमारी कार्रवाई का रिकॉर्ड हैं, किसी के चरित्र का प्रमाण पत्र नहीं।”

चेन्निथला ने कहा कि अभियान का लक्ष्य मादक पदार्थों के स्रोत और विक्रेताओं की पहचान करना, आपूर्ति शृंखला बाधित करना और नशीले पदार्थों को युवाओं तक पहुंचने से रोकना है।

उन्होंने कहा, “गिरफ्तारियां केवल कानून प्रवर्तन को मापती हैं, जबकि पूरे नेटवर्क को तोड़ना हमारा वास्तविक उद्देश्य है।”

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक 10,015 गिरफ्तारियां और 9,280 मामले दर्ज किए गए हैं। साथ ही, स्कूल-कॉलेज सुरक्षा समूहों के माध्यम से 9,147 जागरुकता कक्षाएं और 6,561 कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

भाषा खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में