जम्मू कश्मीर सरकार गिराने की कोशिश कर रही भाजपा : उमर अब्दुल्ला
जम्मू कश्मीर सरकार गिराने की कोशिश कर रही भाजपा : उमर अब्दुल्ला
श्रीनगर, 11 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) में फूट डालकर उनकी सरकार गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के विधायकों को पाला बदलने के लिए 20-30 करोड़ रुपये की पेशकश की गयी है।
उमर अब्दुल्ला ने अपनी दादी अकबर जहां की 26वीं पुण्यतिथि पर हजरतबल में अपने दादा-दादी की मजार पर कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उनके विधायकों को खरीदने के लिए धनबल का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘नेशनल कांफ्रेंस को तोड़ने की कोशिशें की जा रही हैं। पैसे और मंत्री पद का लालच काम न आने पर भाजपा अब बंद दरवाजों के पीछे मेरे विधायकों से कह रही है कि ‘हमारे साथ आ जाओ और हम तुम्हें राज्य का दर्जा दिला देंगे’।’’
मुख्यमंत्री ने यह दावा भी किया कि जम्मू के नेकां के एक विधायक ने उन्हें बताया कि उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए 20-30 करोड़ रुपये और मंत्री पद की पेशकश की गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘अल्लाह गवाह है कि जम्मू के एक विधायक ने मुझे बताया कि भाजपा के एक पदाधिकारी और उच्चतम न्यायालय के वकील ने उनसे समर्थन मांगा और बदले में 20-30 करोड़ रुपये, एक मंत्री पद और राज्य का दर्जा देने की पेशकश की। उन्हें लगता है कि लोगों का भरोसा इतना कमज़ोर है।’’
अपनी पार्टी के सहयोगियों पर विश्वास व्यक्त करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस के विधायक खुद को नहीं ‘बेचेंगे’।
उन्होंने कहा कि एक भी ऐसा विधायक नहीं है जो 20 करोड़ या यहां तक कि 100 करोड़ रुपये के लिए भी अपनी ईमानदारी बेच दे, ‘‘क्योंकि हम जानते हैं कि हमें अल्लाह को जवाब देना है।’’
अब्दुल्ला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यह मत सोचिए कि हम इतने कमज़ोर हैं कि आप पिछले दरवाज़े से सत्ता पर काबिज हो जायेंगे।’’
बाद में, नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भी कहा कि उनकी पार्टी को तोड़ने की कोशिशें की गईं। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशें पहले भी की गई हैं । उन्होंने अपनी पार्टी के लोगों से कहा कि वे निराश न हों।
भाषा राजकुमार जोहेब
जोहेब

Facebook


