कोलकाता, सात मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा बढ़ने के बीच, बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता पर कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण प्राप्त बदमाशों ने गोली चलाई। भाजपा से जुड़े सूत्रों ने यह दावा किया।
सूत्रों के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय को पेट में गोली लगने के कारण बसीरहाट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा जारी एक वीडियो फुटेज में रॉय को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जब वह कुछ अन्य लोगों के साथ अपने इलाके में भाजपा के झंडे लगा रहे थे, तभी तृणमूल के आठ से 10 कार्यकर्ताओं के एक समूह में से तीन बदमाशों ने उन पर गोली चलाई।
रॉय ने अस्पताल में इलाज के दौरान कहा, ‘‘ जब उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू की तो मैं भागने लगा। मुझे बाद में एहसास हुआ कि मुझे गोली लगी है।’’
इस घटना के ठीक बाद, उसी जिले के मध्यग्राम क्षेत्र में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इस घटना के बाद शुभेंदु अधिकारी उस निजी अस्पताल पहुंचे जहां रथ का शव रखा गया था।
उन्होंने बाद में पत्रकारों से कहा कि उन्हें बसीरहाट गोलीबारी के साथ-साथ राज्य के अन्य हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों की कुछ अन्य घटनाओं की भी जानकारी मिली है, जिसमें उत्तर कोलकाता के बारानगर क्षेत्र में एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता पर चाकू से हमला भी शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे कानून को अपने हाथ में न लें। दो दिन में नयी सरकार कार्यभार संभालेगी और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आरजी कर अस्पताल में अभया की हत्या जैसी घटना दोबारा न हो। पार्टी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और हम ऐसा कुछ नहीं होने देंगे कि किसी भी मां या बहन को इस तरह अपने प्रियजनों को खोना पड़े।’’
भाषा शोभना सिम्मी
सिम्मी