नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कई चुनौतियों का सामना कर रही विमानन कंपनी एयर इंडिया के निदेशक मंडल की बैठक बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में हुई।
बैठक में वित्तीय स्थिति और लागत में कटौती के उपायों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के चयन से संबंधित चर्चा भी निदेशक मंडल की बैठक में होने की संभावना है। वर्तमान सीईओ एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन इस वर्ष के अंत में पद छोड़ देंगे।
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और विमान ईंधन की बढ़ती कीमतें विमानन कंपनी पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं जो इस समय एक महत्वाकांक्षी बदलाव योजना के बीच में है।
घाटे में चल रही विमानन कंपनी की परिचालन लागत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी पृष्ठभूमि में कंपनी विभिन्न लागत-कटौती उपायों पर विचार कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि निदेशक मंडल की बैठक बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11 बजे के बाद शुरू हुई।
बैठक के एजेंडे के बारे में विशिष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
एयर इंडिया के निदेशक मंडल की अध्यक्षता टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन कर रहे हैं।
विल्सन, सिंगापुर एयरलाइंस के सीईओ गोह चून फोंग, संजीव मेहता, एलिस वैद्यन, पी. आर. रमेश और पी. बी. बालाजी निदेशक मंडल के सदस्य हैं।
भाषा निहारिका
निहारिका