कोहिमा, चार मई (भाषा) नगालैंड के कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार दाओचिर आई इम्चेन ने 3,123 वोट से जीत हासिल की। यह जानकारी सोमवार को निर्वाचन आयोग ने दी।
दाओचिर आई इम्चेन ने 7,317 वोट प्राप्त किए और निर्दलीय उम्मीदवार तोशिकाबा को हराया, जिन्हें 4,194 वोट मिले।
एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार, इम्तिवापांग, 3,633 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि एनपीपी उम्मीदवार आई अबेनजान को 3,219 वोट मिले।
कांग्रेस उम्मीदवार टी चालुकुम्बा आओ को मात्र 144 वोट मिले, जबकि नोटा को 48 वोट प्राप्त हुए।
इस जीत के साथ, इम्चेन 35 वर्ष की आयु में सबसे युवा विधायक के रूप में नगालैंड की 14वीं विधानसभा में प्रवेश कर गए हैं। उन्होंने कई मतदान केंद्रों पर, विशेष रूप से मंगमेटोंग और लोंगखुम क्षेत्रों में, लगातार बढ़त बनाए रखी और निर्णायक जीत हासिल की। उनके पिता, पांच बार के पूर्व विधायक इम्कोंग एल इम्चेन के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
इम्चेन की जीत को कोरिडांग पर उनके परिवार का राजनीतिक दबदबा बरकरार रहने के रूप में देखा जा रहा है।
भाषा तान्या अमित
अमित