भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ पूरी तरह से विफल: कांग्रेस सांसद रंधावा

Ads

भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' पूरी तरह से विफल: कांग्रेस सांसद रंधावा

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 11:02 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 11:02 PM IST

चंडीगढ़, 29 सितंबर (भाषा) कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को ‘पूरी तरह से विफल’ करार दिया और राज्य में नशे की समस्या को लेकर केंद्र एवं पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार दोनों पर सवाल उठाए।

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को दूसरों पर निशाना साधने से पहले अपने ही नशा विरोधी अभियान को मिले जनसमर्थन का आकलन करना चाहिए।

उनकी यह टिप्पणी भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन के अवसर पर बुधवार को जालंधर में होने वाली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली से एक दिन पहले आई है।

पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब, तलवंडी साबो और फाजिल्का से शुरू हुई चार नशा विरोधी यात्राएं पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4,000 किलोमीटर की दूरी तय कर मंगलवार को जालंधर पहुंचीं।

इस यात्रा को मिले समर्थन पर सवाल उठाते हुए रंधावा ने दावा किया कि भाजपा का गढ़ माने जाने वाले पठानकोट में भी पार्टी बड़ी संख्या में भीड़ जुटाने में ‘नाकाम’ रही। उन्होंने दावा किया कि पठानकोट और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिला तथा इसके उद्घाटन स्थल पर एकत्रित भीड़ 3,000 से अधिक नहीं हुई।

गुरदासपुर से सांसद रंधावा ने कहा, ‘यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि पंजाब के लोग भाजपा के इस अभियान को किस नजरिए से देख रहे हैं।’

रंधावा ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या एक गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि इस पर राजनीति करने के बजाय केंद्र और पंजाब सरकार को मिलकर काम करना चाहिए तथा इसे खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

भाषा सुमित अमित

अमित