गुरुग्राम पुलिस ने मादक पदार्थ के तस्कर का मकान ध्वस्त किया, दूसरे आरोपी का आवास किया सील

Ads

गुरुग्राम पुलिस ने मादक पदार्थ के तस्कर का मकान ध्वस्त किया, दूसरे आरोपी का आवास किया सील

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 11:24 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 11:24 PM IST

गुरुग्राम, 29 सितंबर (भाषा) आदतन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी का मकान ध्वस्त कर दिया, जबकि दूसरे आरोपी के आवास को सील कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक पदार्थ एवं मन:प्रभावी औषधि (एनडीपीएस) अधिनियम, हत्या, हत्या के प्रयास और आबकारी अधिनियम सहित अन्य गंभीर अपराधों के कुल 10 मामले दर्ज हैं।

अधिकारियों ने कहा कि यह सख्त कार्रवाई भू-माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की ‘बिल्कुल बर्दाश्त न करने की नीति’ के तहत की गई है।

मकान ढहाने की कार्रवाई वायु सेना स्टेशन के पास अशोक विहार फेज-तीन में हुई, जहां अपराध शाखा सेक्टर 43 ने आरोपी आजाद उर्फ कालू द्वारा अवैध रूप से कब्जे/निर्माण किए गए लगभग 50 वर्ग गज के मकान को ध्वस्त कर दिया।

आजाद के खिलाफ सेक्टर-पांच और उद्योग विहार पुलिस थानों में एनडीपीएस अधिनियम, आबकारी अधिनियम, एससी/एसटी अधिनियम और अन्य गंभीर अपराधों के छह मामले दर्ज हैं।

दूसरी घटना में, मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ ने गुरुग्राम गांव स्थित छोटी माता मंदिर के पास 12 बिस्वा निवासी बीरू कुमार के मकान को सील कर दिया।

बीरू कुमार के खिलाफ सेक्टर-14, सिटी और सेक्टर-9ए पुलिस थानों में एनडीपीएस अधिनियम, हत्या, अपहरण, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के तहत चार मामले दर्ज हैं।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि गुरुग्राम को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए आदतन अपराधियों एवं अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ ऐसे सख्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

भाषा सुमित अमित

अमित