बेंगलुरु, 24 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई ने बुधवार को राज्य के गृह मंत्री प्रियंक खरगे पर तंज कसा और आरोप लगाया कि उनके आधिकारिक वाहन को तेज रफ्तार से परिचालित होते और सड़क सुरक्षा के बुनियादी नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया।
जिम्मेदाराना तरीके से वाहन चलाने और बकाया यातायात चालान भरने की अपील करने संबंधी प्रियंक खरगे के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा ने पलटवार किया। पार्टी ने कहा कि वह मंत्री की बात से पूरी तरह सहमत है, साथ ही उन्हें सलाह दी कि वह तुरंत अपना बकाया चुका दें।
अपने पोस्ट में गृह मंत्री ने वाहन चालकों से 21 जून से 10 जुलाई तक लागू 50 प्रतिशत छूट की पेशकश के तहत सभी लंबित चालान भरने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा, ‘यातायात नियम सिर्फ सड़क पर खींची गई रेखा नहीं है। यह उन सभी लोगों का जीवन बचाने के लिए है जो आपके साथ सड़क का इस्तेमाल करते हैं। थोड़ी सी लापरवाही बरसों के सपनों पर पानी फेर सकती है। सिर्फ आपके ही नहीं, बल्कि किसी और के भी। यह आपके पास सब कुछ नए सिरे से शुरू करने का मौका है।’
भाजपा ने प्रियंक खरगे पर निशाना साधते हुए ‘एक्स’ पर उनकी पोस्ट साझा की और उनकी गाड़ी से जुड़े कथित तौर पर चार यातायात नियमों के उल्लंघन के ‘स्क्रीनशॉट’ पोस्ट किए। इनमें तेज गति से वाहन चलाने और कुर्सी की पेटी न बांधने के मामले शामिल हैं, जिन पर कुल 2,500 रुपये का जुर्माना बनता है।
भाजपा ने कहा कि कुल 2,500 रुपये के चार बकाया चालान के मामले में खरगे को 50 प्रतिशत छूट का लाभ उठाना चाहिए और जल्द से जल्द अपना बकाया चुका देना चाहिए।
भाषा
शुभम सुभाष
सुभाष