भाजपा की मणिपुर इकाई ने केंद्रीय नेताओं के संभावित दौरे के बीच भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा की
भाजपा की मणिपुर इकाई ने केंद्रीय नेताओं के संभावित दौरे के बीच भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा की
इंफाल, 10 नवंबर (भाषा)भाजपा की मणिपुर इकाई ने सोमवार को अपने पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित की, जिसमें पार्टी के भविष्य की रणनीति और संगठनात्मक कार्य योजना पर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी की राज्य इकाई के पदाधिकारियों की यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं के इस सप्ताह के अंत में राज्य का दौरा करने की उम्मीद है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मणिपुर इकाई की अध्यक्ष अधिकारीमायुम शारदा देवी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने पार्टी के राज्य मुख्यालय थम्बल सांगलेन में राज्य पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि बैठक में ‘‘संगठन को मजबूत करने और लोगों की अधिक प्रभावी ढंग से सेवा करने के लिए भविष्य की रूपरेखा और कार्य योजनाओं पर चर्चा की गई।’’
पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष और भाजपा के उत्तर पूर्व प्रभारी संबित पात्रा के आगामी दौरे पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के सरकार गठन पर चर्चा के लिए इस सप्ताह के अंत में राज्य का दौरा करने की उम्मीद है।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


