भाजपा के राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस-माकपा पर केरल में ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया

Ads

भाजपा के राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस-माकपा पर केरल में ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 03:58 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 03:58 PM IST

तिरुवनंतपुरम, पांच जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रविवार को कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर ‘वोट-बैंक’ और ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया।

चंद्रशेखर ने कहा कि इन पार्टियों की वजह से राज्य के युवाओं का एक वर्ग ‘कट्टरपंथ’ की ओर बढ़ रहा है।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में चंद्रशेखर ने पहलगाम आतंकी हमले के दौरान एक मलयाली व्यक्ति की हत्या का जश्न मनाने और देश-विरोधी बातें पोस्ट करने के आरोप में केरल के एक युवक की हालिया गिरफ्तारी का जिक्र किया।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘एक युवा मलयाली का ‘ब्रेनवॉश’ कैसे हो जाता है कि वह पहलगाम आतंकी हमले के दौरान अपने ही एक मलयाली साथी की बेरहम और निर्मम हत्या का जश्न मनाने लगता है?’’

इस गिरफ्तारी को ‘चेतावनी’ बताते हुए भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह कोई एक घटना नहीं है, बल्कि ‘सालों की तुष्टीकरण की नीति, कट्टरपंथ और कांग्रेस-माकपा के राजनीतिक पाखंड’ का नतीजा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों पार्टियों ने राष्ट्रीय हित के बजाय वोट-बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी, कट्टरपंथी ताकतों को मुख्यधारा में शामिल किया और देशभक्ति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे एक ऐसा माहौल बन गया है जहां देशभक्ति पर सवाल उठाए जाते हैं और कट्टरपंथ को सामान्य माना जाता है।

उन्होंने ऐसी राजनीति को केरल और देश, दोनों के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि राज्य के युवा ‘नफरत, कट्टरपंथ और बंटवारे के बजाय कौशल, अवसर, नवाचार और देशभक्ति पर आधारित भविष्य’ के हकदार हैं।

भाषा संतोष शोभना

शोभना