बंगाल में सत्ता में आने पर भाजपा की शीर्ष प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की होगी: शाह

बंगाल में सत्ता में आने पर भाजपा की शीर्ष प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की होगी: शाह

बंगाल में सत्ता में आने पर भाजपा की शीर्ष प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की होगी: शाह
Modified Date: April 25, 2026 / 08:15 pm IST
Published Date: April 25, 2026 8:15 pm IST

कोलकाता, 25 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल की सत्ता में आती है, तो महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उद्योगों को वापस लाना और राज्य को ‘‘घुसपैठियों से मुक्त’’ बनाना उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की पहली प्राथमिकता होगी।

हावड़ा में एक रोड शो के दौरान जब शाह से पूछा गया कि यदि भाजपा राज्य में सरकार बनाती है, तो वह सबसे पहले क्या काम करेगी तो उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘सबसे पहले, हम महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, उद्योगों को वापस लाएंगे और हम बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त करेंगे।’’

तृणमूल कांग्रेस के इस दावे पर कि पहले चरण के मतदान में उच्च मतदान प्रतिशत एसआईआर कवायद के खिलाफ जनता के गुस्से को दर्शाता है, शाह ने कहा, ‘‘चार मई को, जिस दिन परिणाम घोषित होंगे, सब कुछ स्पष्ट हो जायेगा।’’

राज्य की 152 विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को हुए पहले चरण के मतदान में लगभग 93 प्रतिशत मतदान दर्ज होने के बाद उन्होंने यह टिप्पणी की।

दूसरे और अंतिम चरण में होने वाले शेष 142 सीट के मतदान को लेकर उनकी अपेक्षाओं के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘हम मतदान समाप्त होने के बाद इस बारे में बात करेंगे।’’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में