एटा में नौ दिन से लापता देवर-भाभी के शव बरामद
एटा में नौ दिन से लापता देवर-भाभी के शव बरामद
एटा/कासगंज (उप्र), 17 सितंबर (भाषा) एटा जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में नौ दिन से लापता 30 वर्षीय एक व्यक्ति और उसकी 24 वर्षीय भाभी के शव बृहस्पतिवार को हजारा नहर से बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कासगंज के मनौता गांव निवासी कृष्ण कांत और उनकी भाभी प्रियंका कुमारी के शव मिर्ची थाना क्षेत्र में नहर में एक-दूसरे से बंधे हुए पाए गए।
परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए हत्या का संदेह जताया है, जबकि पुलिस ने कहा कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम जांच के बाद चलेगा।
पुलिस के अनुसार, दोनों आठ सितंबर को नदरई में हजारा नहर के पास से लापता हो गए थे। गायब होने से पहले कृष्ण कांत ने करीब सुबह तीन बजे अपने भाई पंकज कुमार को फोन किया था और बताया था कि वे दोनों नहर के पास हैं और उसमें कूदने की सोच रहे हैं। फोन पर इस बातचीत के बाद उनके मोबाइल फोन बंद हो गए थे।
इसके बाद पुलिस ने नहर के किनारे तलाशी अभियान चलाया और मौके से उनके पर्स, कपड़े, गहने, नकदी और अन्य सामान बरामद किए। पुलिस ने पीएसी की बाढ़ राहत इकाई के साथ मिलकर कई दिनों तक नावों की मदद से नहर में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उनका पता नहीं लगा सकी।
बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों ने मिरहची इलाके में नहर में दो शव उतराए देखे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शवों को बाहर निकाला गया और परिवार वालों ने उनकी पहचान की।
मिरहची थानाध्यक्ष विदेश राठी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
राठी ने कहा, ‘‘यह घटना कासगंज जिले से जुड़ी है, जहां पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। मिरहची पुलिस ने सिर्फ पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी की हैं।’’
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट संबंधित पुलिस थाने को भेज दी जाएगी और रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं जफर मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


