एमटी सेटेबेलो पर सवार तीन लापता भारतीय नाविकों के शव बरामद : सोनोवाल
एमटी सेटेबेलो पर सवार तीन लापता भारतीय नाविकों के शव बरामद : सोनोवाल
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पलाऊ के ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेलो पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मौत की बृहस्प़तिवार को पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि शव बरामद कर उनकी पहचान कर ली गयी है। पहले इन नाविकों को लापता बताया गया था।
सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पलाऊ के ध्वज वाले एमटी सेटेबेलो जहाज पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, जिन तीन भारतीय नाविकों को पहले लापता बताया गया था, उनके शव अब बरामद कर लिए गए हैं और उनकी पहचान कर ली गयी है।’’
मंत्री ने कहा कि यह ‘‘हमारे समुद्री परिवार के लिए गहरा आघात और अपूरणीय क्षति’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस कठिन समय में मोदी सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’
सोनोवाल ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाए गए चालक दल के सदस्यों को तत्काल भारत वापस लाने और नाविकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए शीघ्र स्वदेश लाने की व्यवस्था की जाए।
भारत ने बुधवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया था और ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
वाणिज्यिक पोत सेटेबेलो पर यह हमला तब हुआ, जब इसके दो दिन पहले ही पलाऊ के झंडे वाले एक जहाज पर अमेरिकी नौसेना ने हमला किया था, जिसमें 24 भारतीय सवार थे। यह जहाज ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने हमले की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह जहाज ईरान से तेल ले जाने की कोशिश कर रहा था और इस तरह ईरानी बंदरगाहों पर लागू अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहा था।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


