विशाखापत्तनम में सड़क किनारे मिले दो लोगों के शव, कब्रिस्तान से खोदकर निकाले जाने की आशंका
विशाखापत्तनम में सड़क किनारे मिले दो लोगों के शव, कब्रिस्तान से खोदकर निकाले जाने की आशंका
विशाखापत्तनम, 18 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सड़क के किनारे एक पुरुष और एक महिला के शव मिले हैं और ऐसी आशंका है कि दोनों शवों को कब्रिस्तान से खोदकर निकाला गया था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल शवों की सही उम्र निर्धारित नहीं की जा सकी है। उन्होंने कहा कि इनमें से एक शव बुजुर्ग व्यक्ति का प्रतीत होता है।
पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘शीला नगर में सड़क के किनारे एक पुरुष और एक महिला के शव मिले हैं। हमें आशंका है कि इन्हें किसी कब्रिस्तान से खोदकर निकाला गया था।’’
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल का इस्तेमाल शहर में ध्वस्त की गई इमारतों का मलबा डालने के लिए किया जाता है। मौके से सफेद कपड़े और फूल-मालाओं समेत अंतिम संस्कार या शव को दफनाने की प्रक्रिया से जुड़ी कई वस्तुएं भी मिली हैं।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों शव सोमवार रात करीब मध्यरात्रि के आसपास शीला नगर लाए गए थे।
पुलिस यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है कि दोनों शवों को वहां किस तरह लाया गया।
इस संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा रवि कांत रवि कांत मनीषा
मनीषा

Facebook


