एमसीडी के सफाईकर्मी की हत्या: महापौर ने 10 लाख रुपये की मदद, परिजन को नौकरी का किया वादा

एमसीडी के सफाईकर्मी की हत्या: महापौर ने 10 लाख रुपये की मदद, परिजन को नौकरी का किया वादा

एमसीडी के सफाईकर्मी की हत्या: महापौर ने 10 लाख रुपये की मदद, परिजन को नौकरी का किया वादा
Modified Date: August 18, 2026 / 04:37 pm IST
Published Date: August 18, 2026 4:37 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को कहा कि पूर्वी दिल्ली में चाकू से हमले में मारे गए सफाईकर्मी के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।

इस हत्या के बाद दिल्ली नगर निगम के कर्मियों ने प्रदर्शन किया और आम आदमी पार्टी (आप) तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत दिल्ली सरकार के बीच राजनीतिक टकराव शुरू हो गया।

वाही ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि चाकू मारकर हत्या की घटना ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ है और ऐसा लगता है कि इसके पीछे व्यक्तिगत कारण थे। उन्होंने कहा, ‘‘हम पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार हैं। हम अधिकारियों से 10 लाख रुपये का मुआवजा देने के लिए पहले ही कह चुके हैं।’’

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।

पुलिस के अनुसार, रविवार को हुई यह हत्या कथित तौर पर घरेलू विवाद से जुड़ी थी। आरोपी निहाल (52) कथित तौर पर नशे में था और किसी अन्य व्यक्ति से अपनी पत्नी की फोन पर बातचीत को लेकर गुस्से में था। इसी दौरान निहाल का अनिल से सामना हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अनिल पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि निहाल का कथित निशाना गुलशन था, लेकिन सुबह करीब 8:15 बजे कल्याणपुरी में कचरा एकत्र कर रहे अनिल से उसका सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, अनिल और गुलशन दोस्त थे।

पुलिस ने बताया कि निहाल ने अनिल पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गया। बाद में उसे गाजीपुर सीमा के पास एक फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया गया।

वाही ने आम आदमी पार्टी पर इस घटना को लेकर अराजकता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि सफाई सेवाओं को बाधित करने से दिल्लीवासियों को ही परेशानी होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘आप सिर्फ इस मुद्दे पर अराजकता पैदा करना चाहती है। उसे समाधान में कोई दिलचस्पी नहीं है। शहर में सफाई का काम रोकने से जनता को बेवजह परेशानी का सामना करना पड़ेगा।’’

महापौर की यह टिप्पणी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सफाईकर्मी अनिल (27) की हत्या के बाद सफाईकर्मियों के बढ़ते विरोध प्रदर्शन के बीच आई है। अनिल की रविवार सुबह कल्याणपुरी में कचरा एकत्र करते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।

आप ने आरोप लगाया कि पार्टी के पूर्वी दिल्ली के विधायक कुलदीप कुमार को दिल्ली पुलिस मंगलवार तड़के ‘‘अज्ञात स्थान’’ पर ले गई।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में