ओडिशा के मयूरभंज में दीवार गिरने से महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल
ओडिशा के मयूरभंज में दीवार गिरने से महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल
भुवनेश्वर, 18 अगस्त (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले में तेज बारिश के दौरान कच्चे मकान की दीवार गिरने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार रात को बादमपहाड़ थाना क्षेत्र के छनुआ गांव में हुई, जब पति-पत्नी अपने घर के अंदर सो रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान हेमलता महंत के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पति को रायरंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बादमपहाड़ पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि आशंका है कि इलाके में पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कच्चे घर की दीवार गिर गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के सुबह के बुलेटिन के अनुसार, मयूरभंज जिले के बहलदा में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटे के दौरान 273 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक है।
आईएमडी ने बताया कि मयूरभंज जिले के रायरंगपुर और जामदा में क्रमश: 180 मिलीमीटर और 124 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
भाषा
पवनेश
पवनेश

Facebook


