नोएडा, 16 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के कनवानी गांव से लापता हुए आठ साल के एक बच्चे का शव बृहस्पतिवार सुबह नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में हिंडन नदी में तैरता मिला। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सेक्टर-63 थाना प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने बताया कि गाजियाबाद के कनवानी गांव में रहने वाले ओमवीर का आठ वर्षीय बेटा सूरज 14 अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ हिंडन नदी में नहाने गया था।
उन्होंने बताया कि सूरज के दोस्त देर शाम अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा, जिसके बाद उसके परिजनों ने इंदिरापुरम थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
काकरान के मुताबिक, बृहस्पतिवार को सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी के पास हिंदन नदी से सूरज का शव बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-63 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
काकरान के अनुसार, इस मामले में आगे की कार्रवाई गाजियाबाद पुलिस करेगी।
इस बीच, इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सूरज की मौत के सही कारण का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में परिजनों की शिकायत पर उचित कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं पारुल
पारुल