कानपुर से लापता युवती का शव बुलंदशहर में मिला

कानपुर से लापता युवती का शव बुलंदशहर में मिला

कानपुर से लापता युवती का शव बुलंदशहर में मिला
Modified Date: June 3, 2026 / 08:12 pm IST
Published Date: June 3, 2026 8:12 pm IST

कानपुर (उप्र), तीन जून (भाषा) कानपुर के बर्रा इलाके से लगभग दो सप्ताह पहले लापता हुई 21 वर्षीय युवती का शव बुलंदशहर में मिला है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि युवती की हत्या उन्नाव के एक निजी अस्पताल के मालिक और उसके भतीजे ने कथित तौर पर गला घोंटकर कर दी थी और अपराध छुपाने के लिए शव को बुलंदशहर में फेंक दिया था।

मामला तब सामने आया जब एक आरोपी विवेक पटेल ने पुलिस पूछताछ के दौरान कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। उसने इस मामले में देवकांत उत्तम की संलिप्तता का भी खुलासा किया।

पुलिस के मुताबिक पटेल और देवकांत उत्तम गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते युवती का शव लेकर बुलंदशहर पहुंचे और जहांगीराबाद इलाके में फेंक दिया।

अधिकारियों ने बताया कि बर्रा से एक पुलिस टीम सबूत हासिल करने और पीड़िता की पहचान स्थापित करने के लिए बुलंदशहर के लिए रवाना हो गई है।

एक अधिकारी ने बताया कि देवकांत उन्नाव में एक निजी अस्पताल का संचालन करता है और उसने मंगलवार को बर्रा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस उपायुक्त ( कानपुर दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पीड़िता की मां पिंकी मूल रूप से उन्नाव की रहने वाली है और वर्तमान में बर्रा के कर्रही इलाके में रहती है। उन्होंने बताया कि 24 मई को पिंकी ने प्राथमिकी दर्ज कराई और आरोप लगाया गया कि उनकी बेटी की हत्या के इरादे से अपहरण कर लिया गया है।

पिंकी ने अपनी तहरीर में देवकांत उत्तम और उसके भतीजे पटेल को नामजद किया। पटेल एम्बुलेंस चालक के तौर पर काम करता है।

पुलिस ने कहा कि युवती ने इससे पहले 19 मई को उन्नाव के कोतवाली पुलिस थाना में देवकांत उत्तम के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।

उसने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के दो दिन बाद, पटेल ने कथित तौर पर युवती को संदेश भेजकर मिलने के लिए बुलाया। जांचकर्ताओं ने कहा कि घर छोड़ने से पहले, युवती ने अपनी मां को पटेल से मिलने जाने की बात कही, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी।

जांच के दौरान, पुलिस ने पटेल को लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल से हिरासत में लिया, जहां उसे गोली लगने के बाद भर्ती कराया गया था।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि पटेल ने पुलिस को गुमराह करने करने के इरादे से खुद को गोली मार ली होगी।

पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान, पटेल ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने और उत्तम ने युवती की गला घोंट कर हत्या कर दी थी और शव को जहांगीराबाद में सड़क के किनारे फेंक दिया था।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव जहांगीराबाद इलाके से बरामद किया गया था और उसका पोस्टमार्टम पहले ही किया जा चुका था। हालांकि, शव सड़ने की अवस्था में होने के कारण उस समय उसकी पहचान नहीं की जा सकी।

पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। उसने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान कर ली गई है और उसे बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

चौधरी ने कहा, ‘मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।’’

पुलिस ने बताया कि शव की औपचारिक पहचान के लिए पीड़ित परिवार को बुलंदशहर भेजा गया है।

भाषा सं जफर पारुल धीरज

धीरज


लेखक के बारे में