बेंगलुरु, छह अप्रैल (भाषा) बेंगलुरु में स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की प्रयोगशाला ‘गैस टर्बाइन अनुसंधान प्रतिष्ठान’ (जीटीआरई) के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाले कई ईमेल प्राप्त हुए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, ईमेल मिलने के बाद परिसर को खाली कराया गया और पुलिस ने बम निरोधक दस्ते एवं अग्निशमन सेवा के साथ मिलकर वहां गहन तलाशी ली लेकिन कुछ नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि तमिल में लिखे गए ईमेल में दावा किया गया था कि परिसर में आईईडी लगाए गए हैं और वे अपराह्न करीब डेढ़ बजे फटेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि मेल भेजने वाले ने यह चेतावनी भी दी थी कि तमिलनाडु के एक प्रभावशाली नेता के पोते का अपहरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेल में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के पोते इनबानिधि के अपहरण की साजिश की कथित तौर पर चेतावनी दी गई थी।
अधिकारियों ने कहा कि ईमेल के जरिए ये धमकियां देने वाले आरोपी का पता लगाने के लिए केंद्रीय अपराध शाखा पुलिस ने जांच तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर शहर के रक्षा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भाषा
सिम्मी प्रशांत
प्रशांत