नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु के कलपक्कम स्थित स्वदेशी रूप से विकसित ‘प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ (पीएफबीआर) ने ‘क्रिटिकल’ अवस्था हासिल कर ली है जो भारत के असैन्य परमाणु कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस उपलब्धि को देश के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में एक नए युग की शुरुआत बताया।
परमाणु संयंत्र के संबंध में ‘क्रिटिकल’ होने से तात्पर्य ऐसी स्थिति में पहुंचना है जिसमें परमाणु विखंडन शृंखला प्रतिक्रिया स्व-संचालित हो जाती है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह जानकारी देते हुए इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया है।
मोदी ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कहा, “आज भारत ने अपने असैन्य परमाणु कार्यक्रम की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाया है, जिससे कार्यक्रम के दूसरे चरण को आगे बढ़ाया गया है। कलपक्कम में स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित ‘प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ ने ‘क्रिटिकल’ अवस्था हासिल कर ली है।”
उन्होंने बताया कि यह उन्नत रिएक्टर जितना ईंधन खपत करता है, उससे अधिक ईंधन उत्पन्न करने में सक्षम है, जो भारत की वैज्ञानिक क्षमता और इंजीनियरिंग कौशल को दर्शाता है।
मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि देश के तीसरे चरण के परमाणु कार्यक्रम में विशाल थोरियम भंडार के उपयोग की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने इस उपलब्धि पर वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई देते हुए इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया।
शाह ने इस उपलब्धि को देश के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के लिये एक “नए युग की शुरुआत” बताया है।
उन्होंने कहा, “कलपक्कम में ‘प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ के निर्माण में बड़ी सफलता हासिल करने पर हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई।”
उन्होंने कहा कि यह सुविधा ऊर्जा उत्पादन में वैश्विक प्रतिस्पर्धा की दिशा में एक “विशाल कदम” है। शाह ने कहा कि यह सुविधा देश के विशाल थोरियम भंडार में छिपी शक्ति को उजागर करने में अहम भूमिका निभाएगी, साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के भारत को दुनिया की ऊर्जा महाशक्ति बनाने के लक्ष्य को साकार करने में मदद करेगी।
‘फास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र है जो बिजली उत्पादन के दौरान खपत होने वाले परमाणु ईंधन की तुलना में अधिक परमाणु ईंधन उत्पन्न करने के लिए तीव्र न्यूट्रॉन का उपयोग करता है।
भाषा
प्रशांत सिम्मी
सिम्मी