नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) सोमवार को एसयूवी लेकर दिल्ली विधानसभा परिसर में घुस कर सुरक्षा में सेंध लगाने वाले नकाबपोश व्यक्ति ने बाहर खड़े एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी और अंदर घुसते समय तेज गति से एक गेट से टकरा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी।
जिस ई-रिक्शा को टक्कर लगी थी उसके चालक ने बताया कि कार लगभग 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। अपराह्न करीब दो बजे विधानसभा परिसर में प्रवेश करने के बाद, उस व्यक्ति ने बरामदे में खड़ी विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी में फूलों का गुलदस्ता रखा और फिर उतनी ही तेज गति से फरार हो गया।
ई-रिक्शा चालक गौरव ने कहा, “मैंने अपना ई-रिक्शा विधानसभा के गेट नंबर 2 के बाहर खड़ा किया था और मेट्रो गेट के पास ग्राहकों का इंतजार कर रहा था, तभी मुझे एक जोरदार आवाज सुनाई दी जब कार लोहे के गेट से टकरा गई”।
वह आमतौर पर विधानसभा मेट्रो स्टेशन और मजनू का टीला के बीच यात्रियों को ले जाता है।
उन्होंने बताया कि जब तक वह अपने वाहन तक पहुंचा, तब तक वहां भीड़ जमा हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया, उसके पिछले हिस्से का एक टुकड़ा टूट गया, ‘टेल लाइट’ चकनाचूर हो गई और हैंडल मुड़ गया।
गौरव ने कहा, “मुझे मरम्मत के लिए कोई रकम भी नहीं मिलेगी”। उसने अनुमान लगाया कि इसमें लगभग 4,000 रुपये का खर्च आएगा।
ई-रिक्शा चालक ने बताया कि गेट पर मौजूद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने कार के अंदर घुसने पर पुलिस और अन्य अधिकारियों को सतर्क करने की कोशिश की, लेकिन कार उनके पहुंचने से पहले ही वहां से बाहर निकल गई।
भाषा प्रशांत सिम्मी
सिम्मी