बोतल बाबा’ एवं उसका सहयोगी बलात्कार के प्रयास, जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार
बोतल बाबा' एवं उसका सहयोगी बलात्कार के प्रयास, जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार
कानपुर (उप्र), 19 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में ‘बोतल बाबा’ के नाम से मशहूर एक स्वयंभू बाबा और उसके सहयोगी को यौन उत्पीड़न, बलात्कार के प्रयास और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आरोपी हरिओम यादव देवराहट के चैन-पुरवा गांव में हरि धाम सरकार आश्रम चलाता है।
उसने कथित तौर पर आध्यात्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से बीमारियों को ठीक करने और व्यक्तिगत समस्याओं को हल करने का दावा किया था।
पुलिस अधीक्षक (एसपी-कानपुर देहात) श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हरिओम यादव उर्फ बोतल बाबा छह जून को एक धार्मिक अनुष्ठान के लिए अपने सहयोगियों के साथ उसके घर आया था।
उन्होंने बताया कि बाबा ने कथित तौर पर महिला से कहा कि वह ‘अंधेरी शक्तियों’ के प्रभाव में है और उसे उनसे मुक्त करने के लिए एक विशेष अनुष्ठान की आवश्यकता है।
महिला का आरोप है कि अनुष्ठान के नाम पर बाबा ने 40 हजार रुपये ले लिए और बाद में उसे ‘विशेष पूजा’ के लिए 15 जून को आश्रम में बुलाया ।
महिला ने बताया कि 15 जून को वह अपने दो देवरों रामवीर और सुखवीर के साथ आश्रम पहुंची।
उसने आरोप लगाया कि यादव अनुष्ठान करने के बहाने उसे एक अलग कमरे में ले गया और उसका यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी और आश्रम में मौजूद अन्य लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की एवं उसका गला घोंटने की कोशिश की लेकिन वह किसी तरह भागने में सफल रही और पुलिस के पास पहुंची।
एसपी ने बताया कि हरिओम यादव, उसके सहयोगी दीपक और कुंदन एवं महिला के दो देवर रामवीर और सुखवीर के अलावा अज्ञात व्यक्तियों समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (भोगनीपुर) राजीव सिरोही ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हरिओम यादव और उसके सहयोगी दीपक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी ने कहा कि महिला की मेडिकल जांच कराई जा रही है और आरोपी के खिलाफ साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


