ब्रिक्स देशों ने आपदा प्रबंधन में ओडिशा की उपलब्धियों की सराहना की : मंत्री

Ads

ब्रिक्स देशों ने आपदा प्रबंधन में ओडिशा की उपलब्धियों की सराहना की : मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 07:44 PM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 07:44 PM IST

भुवनेश्वर, छह जून (भाषा) ब्रिक्स देशों ने आपदाओं के दौरान जीवन रक्षा के लिए ओडिशा सरकार की उपलब्धियों की सराहना की है और प्रमुख चक्रवातों के दौरान हताहतों की संख्या लगभग शून्य रखने की दिशा में राज्य के निरंतर प्रयासों को स्वीकार किया है। एक मंत्री ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने पुरी में तीन दिवसीय ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण समूह (डीआरआरजी) की बैठक के समापन के बाद यहां राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) और ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ओएसडीएमए) के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बयान दिया।

उन्होंने कहा, “ब्रिक्स डीआरजी बैठक की सफल मेजबानी ने आपदा से निपटने और तैयारी के क्षेत्र में एक अग्रणी देश के रूप में ओडिशा की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को और बढ़ाया है।”

मंत्री ने कहा कि यह ‘विकसित ओडिशा 2036’ ढांचे में उल्लिखित दृष्टिकोण के साथ निकटता से मेल खाता है, जिसका उद्देश्य आपदाओं में शून्य हताहत परिणामों को बनाए रखना, लचीले बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, ओडीआरएएफ (ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल) का आधुनिकीकरण करना और आजीविका पर आपदा के प्रभावों को कम करना है।

इस बैठक से ओडिशा को प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों का सामना करने के अपने संकल्प को मजबूत करने में भी मदद मिली।

उन्होंने कहा, “इस बैठक ने ओडिशा के अधिकारियों और आपदा प्रबंधन पेशेवरों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ सीधे बातचीत करने, ज्ञान का आदान-प्रदान करने और आपदा जोखिम न्यूनीकरण में वैश्विक अनुभवों से सीखने में सक्षम बनाया।”

प्रतिनिधिमंडल ने रामचंडी में ओडीआरएएफ द्वारा जल में बचाव का एक सजीव प्रदर्शन भी देखा, जिसमें बाढ़ और जल संबंधी आपात स्थितियों के लिए राज्य की परिचालन तत्परता, विशेष उपकरण और प्रतिक्रिया क्षमताओं का प्रदर्शन किया गया।

‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ विषय पर आयोजित इस बैठक में आपदा जोखिम न्यूनीकरण में सहयोग को मजबूत करने के लिए ब्रिक्स के आठ सदस्य देशों – चीन, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात – के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ एक साथ आए।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चार जून को उद्घाटन सत्र को संबोधित किया।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय बैठक की मेजबानी ने ओडिशा सरकार को विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त आपदा प्रबंधन प्रणाली को प्रदर्शित करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान किया है।

भाषा प्रशांत संतोष

संतोष