शादी के जोड़े में ही दुल्हन ने की बीमार पड़े कैटरिंग कर्मचारियों की मदद
शादी के जोड़े में ही दुल्हन ने की बीमार पड़े कैटरिंग कर्मचारियों की मदद
कन्नूर (केरल), 21 अगस्त (भाषा) केरल में एक नवविवाहित डॉक्टर ने अपनी शादी के जश्न को बीच में रोककर समारोह में बीमार पड़ीं भोजन व्यवस्था संभालने वाले दल (कैटरिंग कर्मचारी) की दो महिला सदस्यों को प्राथमिक उपचार दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
कन्नूर के पानूर की रहने वाली डॉक्टर शिरीन सुबैर का विवाह डॉक्टर रिजाज के साथ हो रहा था, तभी कैटरिंग दल की दो महिलाएं बीमार पड़ गईं। इनमें से एक महिला की नाक से खून बहने लगा, जबकि दूसरी को चक्कर आने की शिकायत हुई। इसके बाद वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने शादी के जोड़े में मौजूद शिरीन को मदद के लिए बुलाया।
शिरीन ने शुक्रवार को एक टीवी चैनल को बताया, ‘सब जानते थे कि मैं एक डॉक्टर हूं, इसलिए किसी ने मुझे आकर देखने के लिए कहा। जब मैंने स्थिति देखी, तो मैंने वही किया जिसकी उस समय जरूरत थी।’
वल्लुवनड अस्पताल में ‘इमरजेंसी मेडिसिन’ में प्रथम वर्ष की एमडी (मास्टर ऑफ मेडिसिन – स्नातकोत्तर डिग्री) कर रहीं शिरीन ने बताया कि उन्होंने दोनों महिलाओं को अस्पताल ले जाने से पहले सामान्य प्राथमिक उपचार दिया।
इंटरनेट पर वीडियो को बहुत प्रशंसा मिलने के बावजूद डॉक्टर ने कहा कि वह अपने काम को कुछ असाधारण नहीं मानती हैं।
शिरीन ने कहा, ‘यह कोई बड़ी बात नहीं है। यह हमारा कर्तव्य था। अगर हम सड़क पर भी किसी को गिरते या बेहोश होते देखते हैं, तो हमारी त्वरित प्रतिक्रिया होती है कि हम तुरंत मदद करें।’
शिरीन ने आम जनता के बीच बुनियादी प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूकता के महत्व पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में शुरुआती सीपीआर बहुत महत्वपूर्ण होती है और देरी होने से मरीज के बचने की संभावना कम हो जाती है।
उनके पति डॉक्टर रिजाज भी आंध्र प्रदेश में ‘ऑर्थोपेडिक्स’ (हड्डियों की चिकित्सा) में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


