जयपुर में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत

जयपुर में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत

जयपुर में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत
Modified Date: August 28, 2026 / 12:49 am IST
Published Date: August 28, 2026 12:49 am IST

जयपुर, 27 अगस्त (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर में बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन भूखंड पर बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय एक बच्ची और उसके सात वर्षीय भाई की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आलिया (11) और उसका भाई अयान (7) खेलने के लिए घर से निकले थे और जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में अपने घर के पास स्थित निर्माणाधीन भूखंड पर पहुंच गए।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को जेसीबी की मदद से भूखंड पर कई गड्ढे खोदे गए थे। भारी बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर गया था। खेलते समय दोनों बच्चे पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गए।

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बच्चों को देखा और शोर मचाया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बच्चों को सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम एसएमएस अस्पताल में कराया गया और बाद में उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत


लेखक के बारे में