बीआरएस कार्यकर्ताओं ने फोन टैपिंग मामले में केसीआर से पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन किए

बीआरएस कार्यकर्ताओं ने फोन टैपिंग मामले में केसीआर से पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन किए

बीआरएस कार्यकर्ताओं ने फोन टैपिंग मामले में केसीआर से पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन किए
Modified Date: February 1, 2026 / 01:28 pm IST
Published Date: February 1, 2026 1:28 pm IST

हैदराबाद, एक फरवरी (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को तेलंगाना भर में प्रदर्शन किया, जिसमें पूर्व बीआरएस शासन के दौरान कथित ‘‘फोन टैपिंग’’ के मामले में पूछताछ के लिए प्रदेश एसआईटी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को तलब किए जाने के बाद कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे राजनीतिक ‘‘उत्पीड़न’’ का विरोध किया गया।

राव से रविवार दोपहर को यहां नंदी नगर स्थित उनके आवास पर पूछताछ की जानी है। वह अपराह्न तीन बजे एसआईटी के समक्ष पूछताछ के लिए पेश होने के वास्ते येरावल्ली स्थित अपने फार्महाउस से हैदराबाद के लिए रवाना हुए।

राज्य भर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित विरोध प्रदर्शनों के तहत बीआरएस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के खिलाफ नारे लगाए और पुतले जलाए। पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।

उन्होंने बीआरएस अध्यक्ष को नोटिस जारी करने की कड़ी निंदा की और इसे ‘‘प्रतिशोध की राजनीति’’ करार दिया। प्रदर्शनकारियों ने बाइक रैलियां भी निकालीं।

राव ने शनिवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) को बताया कि वह एक फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होंगे और उन्होंने जांच अधिकारी पर नोटिस जारी करने में ‘‘कानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन’’ करने का आरोप लगाया। बीआरएस ने राव के ‘‘राजनीतिक उत्पीड़न’’ के खिलाफ रविवार को राज्य भर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था।

यह मामला पिछली बीआरएस सरकार के दौरान नेताओं, व्यापारियों, पत्रकारों, न्यायपालिका के सदस्यों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों से जुड़े व्यापक अनधिकृत और अवैध फोन निगरानी के आरोपों से संबंधित है।

इससे पहले, रामा राव और उनके रिश्ते के भाई टी हरीश राव और जे संतोष कुमार क्रमशः 23 जनवरी, 20 जनवरी और 27 जनवरी को इस मामले के संबंध में एसआईटी के सामने पेश हुए थे। हाल ही में कई अन्य बीआरएस नेताओं को भी तलब किया गया और उनसे पूछताछ की गई।

इस मामले में मुख्य आरोपी तेलंगाना के पूर्व खुफिया प्रमुख टी प्रभाकर राव से एसआईटी द्वारा पहले ही पूछताछ की जा चुकी है।

भाषा

गोला माधव

माधव


लेखक के बारे में