गोंदिया, 13 मई (भाषा) महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि उसने कथित तौर पर नशे की हालत में तेज गति से वाहन चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद जमीन पर गोली चलाई थी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे तिरोरा में जीटी रोड पर हुई। आरोपी भूषण नंदन देसले (36) नासिक जिले का निवासी है। आरोपी के पास से एक पिस्तौल, 33 कारतूस और एक मैगजीन भी बरामद की गई है।
शिकायत के अनुसार, भूषण कथित तौर पर नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था और जीटी रोड पर उसने मोटरसाइकल से घर लौट रहे खुमेश बघेल को ओवरटेक किया, जिससे बघेल बाल-बाल बच गया।
इसके बाद दोनों के बीच बहस हुई। बघेल ने अपने बहनोई स्वानंद परधी को बुलाया। इसके बाद भूषण की परधी से भी तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर उसने अपनी कार से पिस्तौल निकालकर जमीन पर गोली चला दी। गोली लगने से जमीन पर पड़ा पत्थर उछलकर परधी के चेहरे पर लगा, जिससे वह घायल हो गया।
भूषण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत