नीट पर्चा लीक: महाराष्ट्र में महिला समेत दो पकड़े गए

Ads

नीट पर्चा लीक: महाराष्ट्र में महिला समेत दो पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 01:02 AM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 01:02 AM IST

पुणे/मुंबई, 13 मई (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले से कथित तौर पर जुड़े होने के आरोप में राज्य के विभिन्न हिस्सों से दो लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें एक महिला ब्यूटीशियन भी शामिल है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उनकी हिरासत और पूछताछ के बाद, दोनों आरोपियों – पुणे में पकड़ी गई महिला और अहिल्यानगर में पकड़े गए पुरुष – को मामले की आगे की जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया।

उनके खिलाफ यह कार्रवाई शुभम खैरनार (30) की नासिक जिले में कथित तौर पर चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिये राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के पर्चा लीक मामले में भूमिका के आरोप में गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने पुणे में मनीषा वाघमारे नाम की महिला को हिरासत में लिया है, जो पेशे से ब्यूटीशियन हैं।

पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि उन्हें शहर के बिबवेवाड़ी इलाके से हिरासत में लिया गया था।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने उनसे पूछताछ की और आगे की जांच के लिए उन्हें सीबीआई को सौंप दिया।”

हालांकि, कुमार ने मामले में महिला की भूमिका के बारे में विस्तार से नहीं बताया।

पुलिस ने अहिल्यानगर जिले के राहुरी निवासी 26 वर्षीय धनंजय निवृत्ति लोखंडे को पेपर लीक मामले में हिरासत में लिया।

उसे आगे की जांच के लिए सीबीआई को सौंप दिया गया है। इस मामले में उसकी सटीक भूमिका का अभी पता नहीं चल पाया है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने पेपर लीक होने के आरोपों के बाद स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए गत तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (यूजी) रद्द कर दी है।

भाषा प्रशांत राजकुमार

राजकुमार