कोकराझार, नौ अप्रैल (भाषा) बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी और उनकी पत्नी सेवली ने बृहस्पतिवार को असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता बरकरार रखने के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
सेवली कोकराझार निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।
विधानसभा चुनावों में अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के नेताओं ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए सकारात्मक माहौल है।
बीपीएफ राजग का हिस्सा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और असम गण परिषद (एजीपी) इसके अन्य घटक दल हैं।
मोहिलारी ने कहा, ‘हमें पूरा यकीन है कि राजग सत्ता में बरकरार रहेगा और हिमंत विश्व शर्मा एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। लोग इस सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के लिए वोट दे रहे हैं।’
उन्होंने दावा किया, ‘बीपीएफ ने पिछले अक्टूबर में बीटीसी चुनावों में भारी जीत हासिल की थी। पार्टी ने इस क्षेत्र के विकास की गति को तेज किया है और यह परिणामों में परिलक्षित होगा।’
सेवली ने दावा किया कि वह अपने पहले ही प्रयास में सफल होंगी।
उन्होंने कहा, ‘मुझे सीट जीतने का पूरा भरोसा है। चुनाव प्रचार के दौरान जब हमने लोगों से संपर्क किया, तो हमें उनके समर्थन का अंदाजा हो गया था।’
126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा