donald trump news/ image source: WIKIMEDIA COMMONS
Middle East War Update: ईरान के साथ सीजफायर के बाद अमेरिका की ओर से एक बार फिर सख्त रुख देखने को मिला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट के जरिए स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भले ही फिलहाल संघर्ष विराम लागू है, लेकिन अमेरिका पूरी तरह सतर्क है। ट्रंप ने कहा कि सभी अमेरिकी जहाज और विमान ईरान और उसके आसपास के इलाकों में तैनात रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सैन्यकर्मी अतिरिक्त गोला-बारूद और अत्याधुनिक हथियारों के साथ अलर्ट मोड में रखे गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत जवाब दिया जा सके।
ट्रंप ने अपने बयान में यह भी साफ कर दिया कि यह सीजफायर स्थायी शांति की गारंटी नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वास्तविक समझौते का पूरी तरह पालन नहीं हुआ, तो हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं। उनके शब्दों में, यदि नियमों का उल्लंघन हुआ तो “ऐसी गोलीबारी शुरू होगी, जो पहले कभी नहीं देखी गई।” इस बयान को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इससे यह संकेत मिलता है कि तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका की यह रणनीति दबाव बनाए रखने और ईरान को समझौते के पालन के लिए मजबूर करने की कोशिश हो सकती है, लेकिन इससे क्षेत्र में अस्थिरता भी बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
बता दें कि, मिडिल ईस्ट में पिछले एक महीने से जारी तनाव और संघर्ष के बीच बीते दिन राहत की खबर सामने आई। जहां अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर पर सहमति बन गई है, जिससे क्षेत्र में फिलहाल तनाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस सीजफायर का ऐलान अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने किया, जिसके बाद दोनों देशों की ओर से आधिकारिक पुष्टि भी सामने आई। इस फैसले के साथ ही करीब दो हफ्तों के लिए युद्ध पर विराम लग गया है।