अगरतला, छह मार्च (भाषा) त्रिपुरा विधानसभा का नौ दिवसीय बजट सत्र 13 मार्च को राज्यपाल एन. इंद्रसेना रेड्डी के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। एक वरिष्ठ मंत्री ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
संसदीय कार्य मंत्री रतनलाल नाथ ने कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक के बाद बताया कि राज्य के वित्त मंत्री प्रणजीत सिंघा रॉय 16 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे।
नाथ ने कहा कि बजट सत्र के दौरान त्रिपुरा स्वास्थ्य सेवा विश्वविद्यालय, त्रिपुरा तकनीकी विश्वविद्यालय और महिला विश्वविद्यालय से संबंधित तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे, जिन्हें बीएसी ने मंजूरी दे दी है।
मंत्री के अनुसार, ‘मुख्यमंत्री माणिक साहा राज्य के तीन मेडिकल कॉलेज और कई अन्य चिकित्सा संस्थानों के प्रभावी नियंत्रण के लिए एक पूर्ण विश्वविद्यालय स्थापित करने के पक्षधर हैं। त्रिपुरा स्वास्थ्य सेवा विश्वविद्यालय की स्थापना का उद्देश्य इन चिकित्सा संस्थानों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है।’
उन्होंने बताया कि राज्य में ‘त्रिपुरा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ (टीआईटी) जैसे कई सरकारी तकनीकी कॉलेज हैं।
नाथ ने कहा, ‘यदि एक अलग तकनीकी विश्वविद्यालय स्थापित किया जाता है, तो इन संस्थानों को लाभ होगा। चूंकि राज्य में महिला विश्वविद्यालय की कमी है, इसलिए महिला महाविद्यालय को महिला विश्वविद्यालय में तब्दील किया जाएगा।’
उन्होंने यह भी कहा कि सत्र के दौरान नौ बैठकें होने के कारण सदस्यों को जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा।
नये विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है।
दिसंबर में अध्यक्ष विश्वबंधु सेन का निधन होने के बाद, उपाध्यक्ष राम प्रसाद पॉल विधानसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगे।
भाषा
प्रचेता अविनाश
अविनाश