नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब इलाके में पिछले महीने एक बहुमंजिला इमारत गिरने के मामले में दो बिल्डरों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी और आठ अन्य घायल हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान अवनीश गुप्ता और मनीष खत्री के रूप में हुई है, जिन्हें 30 मई को हुए इस हादसे की जांच के बाद वसंत कुंज इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बिल्डर हैं और इमारत के निर्माण और संरचनात्मक पहलुओं में उनकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में इमारत के मालिक करमवीर को गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों बाद इन बिल्डरों को पकड़ा है।
साकेत मेट्रो स्टेशन के पास स्थित यह बहुमंजिला इमारत 30 मई को ढह गई थी, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया जो कई घंटों तक चला। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी और आठ अन्य घायल हो गए थे।
पुलिस ने पहले कहा था कि इमारत में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कार्यालय थे, जबकि हादसे के समय इसकी सबसे ऊपरी मंजिल पर कथित तौर पर निर्माण कार्य चल रहा था।
जांचकर्ता इस बात की छानबीन कर रहे हैं कि क्या भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन, अनधिकृत निर्माण गतिविधियों या संरचनात्मक कमियों के कारण यह घटना हुई।
अधिकारियों ने कहा कि आगे की जांच जारी है और तफ्तीश के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
भाषा नोमान संतोष
संतोष