फरीदाबाद में चलती बस में आग लगी, बस चालक और एकमात्र यात्री बाल-बाल बचे

Ads

फरीदाबाद में चलती बस में आग लगी, बस चालक और एकमात्र यात्री बाल-बाल बचे

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 08:18 PM IST

फरीदाबाद, पांच मई (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद जिले में मंगलवार दोपहर एक चलती हुई सरकारी बस में आग लग गई। हालांकि, चालक और बस में सवार एकमात्र यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना तिगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंझावली मार्ग पर घरौदा गांव के पास हुई।

उसने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी।

बस चालक मनोहर ने बताया कि वह मंझावली-बल्लभगढ़ मार्ग पर बस संख्या 0909 चलाता है। मंगलवार दोपहर जब वह बल्लभगढ़ बस डिपो लौट रहा था, तभी उसने इंजन से धुआं निकलते देखा। उस दौरान बस में केवल एक यात्री सवार था।

मनोहर के अनुसार, ‘जैसे ही बस घरौदा गांव के पास पहुंची, इंजन से घना धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। मैंने तुरंत बस रोकी और यात्री को सुरक्षित नीचे उतारा।’

मनोहर ने बताया, ‘आग ने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। मैंने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।’

पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

भाषा प्रचेता माधव

माधव