मंत्रिमंडल ने दिल्ली के लिए आधुनिक यातायात प्रबंधन व्यवस्था को मंजूरी दी

Ads

मंत्रिमंडल ने दिल्ली के लिए आधुनिक यातायात प्रबंधन व्यवस्था को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 04:21 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 04:21 PM IST

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को दिल्ली के लिए आधुनिक यातायात प्रबंधन व्यवस्था (आईटीएमएस) को मंजूरी दे दी जिसका उद्देश्य वास्तविक समय के यातायात आंकड़ों, यातायात संकेतों, स्वचालित प्रवर्तन और एकीकृत कमान एवं नियंत्रण प्रणाली के माध्यम से मौजूदा सड़क नेटवर्क का अधिक बेहतर तरीके से प्रबंधन सुनिश्चित करना है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली पुलिस द्वारा आईटीएमएस परियोजना के कार्यान्वयन को मंजूरी दी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1,789.52 करोड़ रुपये है।

वैष्णव ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी में यातायात प्रबंधन, परिवहन बुनियादी ढांचे और शहरी गतिशीलता को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार और दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) सरकार के व्यापक प्रयासों के तहत अब आईटीएमएस के जरिये प्रौद्योगिकी आधारित एक बड़ी पहल शुरू की जाएगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह परियोजना वास्तविक समय के यातायात आंकड़ों, अनुकूलनशील यातायात संकेतों, स्वचालित प्रवर्तन और एकीकृत कमान एवं नियंत्रण प्रणालियों के माध्यम से दिल्ली के मौजूदा सड़क नेटवर्क का अधिक बेहतर ढंग से प्रबंधन हो सकेगा।’’

इस परियोजना के तहत 42 चिह्नित यातायात गलियारों को शामिल किया जाएगा और इसे तीन चरणों में 24 महीने में लागू किया जाएगा। इसके बाद पांच साल तक इसका संचालन और रखरखाव किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित अनुकूलनशील यातायात संकेत, प्रौद्योगिकी आधारित प्रवर्तन और वास्तविक समय की यातायात सूचना से यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और प्रभावी बनेगी। दिल्ली के 42 यातायात गलियारों को तीन चरणों में शामिल किया जाएगा।’’

भाषा संतोष देवेंद्र

देवेंद्र