तृणमूल के बैंक खातों से धन निकासी पर रोक : कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई बृहस्पतिवार तक टली

Ads

तृणमूल के बैंक खातों से धन निकासी पर रोक : कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई बृहस्पतिवार तक टली

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 03:56 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 03:56 PM IST

कोलकाता, आठ जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस पार्टी के तीन बैंक खातों से धन निकासी पर रोक लगाने के आदेश को चुनौती देने के लिए ममता बनर्जी नीत गुट की ओर से दाखिल याचिका पर कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सुनवाई बृहस्पतिवार तक के लिए टाल दी।

इस बीच, अदालत के निर्देश पर इन खातों से धन निकासी पर रोक लगाने वाले निजी बैंक ने बुधवार को एक रिपोर्ट जमा की। अदालत ने इन खातों में जमा राशि की जानकारी मुहैया कराने को कहा था।

इस मामले में बिधाननगर पुलिस का पक्ष रख रहे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की निजी कठिनाई का संज्ञान लेते हुए न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने सुनवाई बृहस्पतिवार तक के लिए टाल दी।

न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने दो जुलाई को मामले की सुनवाई के दौरान निजी बैंक को उन खातों में मौजूद रकम की जानकारी देने का आदेश दिया था।

अदालत ने बुधवार को हालांकि बैंक द्वारा सीलबंद लिफाफे में जमा की गई रिपोर्ट नहीं खोली क्योंकि सुनवाई स्थगित कर दी गई थी।

ममता बनर्जी नीत धड़े का पक्ष रखने के लिए पेश हुए अधिवक्ता किशोर दत्ता ने अदालत के संज्ञान में लाया कि पार्टी के कुछ और बैंक खातों से धन निकासी पर रोक लगाई है और वह अगली सुनवाई के दौरान इस संबंध में एक पूरक हलफनामा दाखिल करेंगे।

न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि वह खातों से धन निकासी पर रोक मामले को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश सुब्रत तालुकदार को विशेष अधिकारी के तौर पर नियुक्त करने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन चूंकि उनके बेटे एक प्रतिवादी के वकील हैं, इसलिए उनकी नियुक्ति पर अंतिम आदेश देने से पहले सभी पक्षकारों की राय ली जाएगी।

न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने दो जुलाई को टिप्पणी की थी कि अदालत इस पर विचार कर रहा है कि क्या याचिका पर सुनवाई के दौरान इन तीनों खातों को संयुक्त विशेष अधिकारी जो अदालत के सेवानिवृत्त न्यायाधीश होंगे द्वारा संचालित करने की अनुमति दी जा सकती है।

न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने दो जुलाई को हुई सुनवाई के दौरान बिधाननगर पुलिस को अगली तारीख पर शिकायत और उसके आधार पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई जांच के दस्तावेज अदालत के समक्ष पेश करने की अनुमति दे दी थी।

तृणमूल कांग्रेस के बागी ऋतब्रत बनर्जी नीत गुट के कुछ विधायकों की शिकायत के बाद पार्टी के तीन बैंक खातों से धन निकासी पर रोक लगा दी गई थी। बागी गुट के विधायकों ने खाते में जमा राशि के स्रोत की जांच कराने की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी थी।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत