ऋषिकेश में कैंप संचालक पर पर्यटकों से मारपीट का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Ads

ऋषिकेश में कैंप संचालक पर पर्यटकों से मारपीट का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 08:25 PM IST

ऋषिकेश, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के ऋषिकेश में निकट मुनि की रेती क्षेत्र के शिवपुरी में एक कैंप में ठहरे दिल्ली के पर्यटकों के साथ कथित तौर पर मारपीट के मामले में कैंप संचालक सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ‘कैंप हवेली’ में शनिवार तड़के हुई। दिल्ली के उत्तम नगर निवासी पर्यटक दीपक सोनी की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

मुनि की रेती थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि शिकायत के अनुसार दीपक सोनी और उनके मित्र सौरभ सेठ शुक्रवार को कैंप में ठहरे हुए थे। रात में भोजन के बाद सोने के दौरान उन्होंने कैंप संचालक से तेज आवाज में बज रहे डीजे की आवाज कम करने का अनुरोध किया।

आरोप है कि इस पर संचालक भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकी दी। तहरीर के मुताबिक, रात करीब ढाई बजे संचालक अपने तीन साथियों के साथ पर्यटकों के कमरे में पहुंचा और उनके साथ मारपीट की।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत