नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) सीएक्यूएम प्रवर्तन कार्य बल (ईटीएफ) ने अपनी 132वीं बैठक में 11 मई से 29 मई के बीच राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में किए गए 245 निरीक्षणों और प्रवर्तन कार्रवाई की रिपोर्ट की समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उड़न दस्तों ने निर्माण और ढहाए गए स्थलों पर 31 निरीक्षण, औद्योगिक क्षेत्र में 74 निरीक्षण और डीजल जनरेटर सेट से संबंधित 140 निरीक्षण किए। इस दौरान, कुल 87 उल्लंघन दर्ज किए गए, जिनमें से 21 निर्माण और तोड़फोड़ स्थलों से, 25 औद्योगिक क्षेत्र से और 41 डीजल जनरेटर सेट से संबंधित थे।
एक अधिकारी ने शनिवार को बताया, ‘‘ईटीएफ ने सड़क की धूल को कम करने के मुद्दे की भी समीक्षा की और 18 मई को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा किए गए निरीक्षणों पर गौर किया।’’
उन्होंने बताया कि इन निरीक्षणों के दौरान नौ क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया और 37 उल्लंघन पाए गए।
अधिकारी ने बताया कि ईटीएफ ने गाजियाबाद नगर निगम द्वारा 26 मई को किए गए निरीक्षणों की जांच की, जहां 24 उल्लंघन दर्ज किए गए थे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने उड़ान दस्तों द्वारा निरीक्षण रिपोर्ट को फोटोग्राफ/वीडियो साक्ष्य के साथ समय पर प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।’’
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश