खुद को पीएमओ सचिव, नीति आयोग का सदस्य बताने के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
खुद को पीएमओ सचिव, नीति आयोग का सदस्य बताने के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
छत्रपति संभाजीनगर, 17 नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का सचिव और नीति आयोग का सदस्य बताने के आरोप में 45 वर्षीय एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को एमआईडीसी वालुज थाना क्षेत्र में एक समारोह के दौरान आरोपी अशोक थोम्ब्रे का नाम पुकारे जाने से यह मामला सामने आया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पुलिस तैनात की गई थी और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज अतुलकर ने जांच शुरू की।
हालांकि, किसी भी केंद्रीय सरकार के सचिव के आधिकारिक दौरे का कोई रिकॉर्ड नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि बीड निवासी थोम्ब्रे ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में सचिव और नीति आयोग का सदस्य होने का दावा किया, लेकिन वह कोई आधिकारिक प्रमाण पत्र नहीं दिखा सका।
उन्होंने बताया कि उनके सामान की तलाशी लेने पर पुलिस को एक प्लेट मिली जिस पर ‘भारत सरकार’ लिखा था और एक तिरंगा भी था जो आमतौर पर सरकारी वाहनों पर इस्तेमाल किया जाता है।
अधिकारी ने बताया कि थोम्ब्रे के साथ निजी अंगरक्षक विकास पंडागले भी था और उसे भी हिरासत में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319 (छद्मवेश द्वारा धोखाधड़ी), 204 (लोक सेवक का रूप धारण करना) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा यासिर माधव
माधव

Facebook


