जम्मू, 31 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत एक आदतन अपराधी और कथित मवेशी तस्कर को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जम्मू जिले की आरएस पुरा तहसील के फिंडर के अमित कुमार को मवेशियों की तस्करी में बार-बार संलिप्त रहने के कारण हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि कठुआ के जिलाधिकारी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ हिरासत वारंट जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार कुमार हीरानगर और लखनपुर थानों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज कई मामलों में नामजद है तथा वह कई महीनों से गिरफ्तारी से बच रहा था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई के तहत आरोपी को जम्मू के कोट भलवाल स्थित केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश