सीबीआई ने महादेव सट्टेबाजी ऐप के सरगना को हैदराबाद हवाई अड्डे पर किया गिरफ्तार
सीबीआई ने महादेव सट्टेबाजी ऐप के सरगना को हैदराबाद हवाई अड्डे पर किया गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के कथित सरगना अभिषेक कुमार को दुबई से लौटने के बाद हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एजेंसी के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि कुमार ने ‘महादेव बुक’ के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए का धंधा संचालित करने, सट्टेबाजी पैनलों के बीच तालमेल बिठाने और धन एकत्र करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
बयान के अनुसार, कुमार ने सट्टेबाजी एवं जुए से कथित तौर पर अर्जित रकम का इस्तेमाल करके दुबई में अचल संपत्ति भी खरीदी।
एजेंसी ने कहा कि कुमार की गिरफ्तारी के बाद ली गई तलाशी के दौरान उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।
बयान के अनुसार, ‘‘जब्त की गई सामग्री से प्रथम दृष्टया महादेव सट्टेबाजी ऐप के संचालन में उसकी सक्रिय भूमिका का पता चलता है और उसने अन्य मुख्य आरोपियों, यानी सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ करीबी तौर पर काम किया था।’’
गिरफ्तारी के बाद, कुमार को हैदराबाद की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया और सीबीआई ने तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की।
प्रवक्ता के अनुसार, इसके बाद उसे रायपुर ले जाया गया और वहां की अदालत में पेश किया गया, जिसने दो दिन की पुलिस हिरासत को मंजूरी दी।
महादेव ऐप को महादेव ऑनलाइन बुक (एमओबी) के नाम से भी जाना जाता है। इसे मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ के दो फरार कारोबारियों – सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल – द्वारा संचालित किया जाता है। आरोप है कि 2019 से इसके जरिये 80,000 करोड़ रुपये अर्जित किये गए।
छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मामलों में राज्य के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज 13 प्राथमिकी सीबीआई को सौंपी थी तथा सीबीआई ने इन मामलों की जांच अपने हाथ में ले ली।
प्रवक्ता ने बताया कि सीबीआई ने अब तक 100 आरोपियों के खिलाफ आठ आरोप-पत्र दाखिल किये हैं। इन आरोपियों में महादेव सट्टेबाजी ऐप के कथित मुख्य प्रवर्तक, पैनल संचालक, हवाला कारोबारी और छत्तीसगढ़ सरकार के कर्मी शामिल हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘महादेव सट्टेबाजी ऐप के मुख्य प्रवर्तकों को मुकदमे का सामना करने के लिए भारत वापस लाने की कोशिशें की जा रही हैं। अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं तथा दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है।’’
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश

Facebook


