सीबीआई ने बिल्डर-बैंकर गठजोड़ मामले में सातवां आरोपपत्र दाखिल किया

Ads

सीबीआई ने बिल्डर-बैंकर गठजोड़ मामले में सातवां आरोपपत्र दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 09:48 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 09:48 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बिल्डर-बैंकर गठजोड़ मामले में सातवां आरोपपत्र सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ दाखिल किया है। कंपनी पर आवास खरीदारों को धोखा देने और नोएडा स्थित ‘द बेल्वेडेयर’ परियोजना के लिए पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस द्वारा जारी धनराशि का गबन करने का आरोप है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सीबीआई ने आरोप लगाया कि कंपनी ने न तो आवास खरीदारों को आवासीय इकाइयों का कब्जा दिया और न ही उनसे जमा कराई गई राशि लौटाई। उच्चतम न्यायालय द्वारा सीबीआई को सौंपे गए ऐसे 50 मामलों की जांच की जा रही है।

करीब 23 लोगों ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, और उन्हीं की याचिका पर न्यायालय ने यह मामला सीबीआई को सौंप दिया था।

सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘सीबीआई की जांच से पता चला है कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों ने आपराधिक साजिश के तहत भोले-भाले आवास खरीदारों/निवेशकों को झूठे आश्वासनों, गुमराह करने वाले बयानों और कपटपूर्ण वादों के माध्यम से प्रलोभन दिया। इस तरह बेईमानी से वित्तीय लाभ प्राप्त हुआ और पीड़ितों को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाया गया।’’

बयान में कहा गया है कि आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत सक्षम अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया है।

सीबीआई ने रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ इसी तरह के मामलों में छह आरोपपत्र दाखिल किए हैं। सभी मामलों में, इन कंपनियों के निदेशकों के खिलाफ भी आरोपपत्र दाखिल किए गए हैं।

भाषा आशीष माधव

माधव