चंडीगढ़, सात सितंबर (भाषा) हरियाणा सरकार ने सोमवार को वित्तीय धोखाधड़ी से निपटने के उपायों पर चर्चा की और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चल रही विभिन्न पहल की प्रगति की समीक्षा की।
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने संबंधित पक्षों के साथ बैठक की।
बैठक में वित्तीय धोखाधड़ी के बदलते स्वरूप, निवेशक संरक्षण उपायों, उभरते साइबर खतरों और राज्य में वित्तीय सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से प्रौद्योगिकी आधारित पहलो की समीक्षा की गई।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा बुलाई गई राज्य स्तरीय समन्वय समिति (एसएलसीसी) की 16वीं बैठक में पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके अलावा कथित वित्तीय धोखाधड़ी, अनधिकृत रूप से जमा राशि जुटाने, ‘सचेत’ पोर्टल के माध्यम से मिली शिकायतों, बाजार से मिली खुफिया सूचनाओं और नागरिकों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के लिए हाल में शुरू की गई पहल से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई।
आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक विवेक श्रीवास्तव ने बैठक में ‘सचेत’ पोर्टल के नए स्वरूप की जानकारी दी। यह पोर्टल अनियमित वित्तीय गतिविधियों से संबंधित बाजार संबंधी सूचनाओं और शिकायतों के लिए एक प्रमुख मंच है।
पोर्टल का नया संस्करण 25 जून, 2026 को आधुनिक उपयोगकर्ता प्रणाली और बेहतर कार्यप्रवाह के साथ शुरू किया गया था।
उन्नत ‘सचेत’ पोर्टल अब 13 राष्ट्रीय भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे यह आबादी के बड़े हिस्से के लिए अधिक सुलभ हो गया है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को पोर्टल के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए।
भाषा योगेश अजय
अजय