सीबीआई ने थाईलैंड और जॉर्जिया से दो वांछित अपराधियों का प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया

सीबीआई ने थाईलैंड और जॉर्जिया से दो वांछित अपराधियों का प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया

सीबीआई ने थाईलैंड और जॉर्जिया से दो वांछित अपराधियों का प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया
Modified Date: June 11, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: June 11, 2026 4:34 pm IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इंटरपोल रेड नोटिस का सामना कर रहे दो संदिग्ध अपराधियों का जॉर्जिया और थाईलैंड से बृहस्पतिवार को सफलतापूर्वक प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

संघीय एजेंसी ने साइबर अपराध के जरिए लोगों को कथित तौर पर ठगने के मामले में वांछित गणेश बलासो काले को थाईलैंड से प्रत्यर्पित करा लिया। उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी होने के 20 दिन के भीतर ही यह कार्रवाई की गई।

‘रेड नोटिस’ दुनियाभर की कानून लागू करने वाली एजेंसियों से किया गया एक अंतरराष्ट्रीय अनुरोध है ताकि इंटरपोल के किसी सदस्य देश द्वारा वांछित व्यक्ति को हिरासत में लिया जा सके।

सीबीआई ने एक बयान में कहा, ‘‘काले पर आरोप है कि वह विभिन्न लोगों को इस घोटाले में शामिल करके साइबर आर्थिक अपराधियों का एक नेटवर्क संचालित करता था। उसने अवैध धन के अंतरण के लिए अपने बैंक खातों का इस्तेमाल करने की अनुमति देने के बदले ब्याज/कमीशन का वादा करके व्यक्तियों को लालच दिया और बाद में कई लोगों को धोखा देने के लिए ऐसे खातों का इस्तेमाल किया।’’

एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी ने सह-आरोपियों को मोबाइल फोन की व्यवस्था करने और अपराधों को अंजाम देने में सुविधा के लिए फर्जी सिम कार्ड हासिल करने का भी कथित तौर पर निर्देश दिया था।

उन्होंने कहा कि ‘रेड नोटिस’ 24 मई को जारी किया गया था जिसके बाद थाईलैंड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काले का बैंकॉक में पता लगाया। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी अंतरराष्ट्रीय समन्वय देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि उचित कानूनी प्रक्रिया और भारतीय एवं थाईलैंड के अधिकारियों के बीच करीबी समन्वय के बाद, आरोपी को बृहस्पतिवार को सफलतापूर्वक भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि वह मुंबई पहुंचा, जहां महाराष्ट्र पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ ने उसे हिरासत में ले लिया।

एक अन्य मामले में वेंकट गर्ग को सीबीआई द्वारा समन्वित एक अभियान के तहत जॉर्जिया से प्रत्यर्पित किया गया। हरियाणा पुलिस को हत्या, हत्या के प्रयास, वसूली, संगठित अपराध और अवैध हथियारों के इस्तेमाल जैसे मामलों में गर्ग की तलाश थी।

जांच एजेंसी ने कहा कि गर्ग को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद वह जॉर्जिया भाग गया था।

सीबीआई के प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर, सीबीआई ने इंटरपोल के जरिये आरोपी के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी कराया। जब आरोपी को जॉर्जिया के अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया तब उन्हें प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा गया। उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद, जॉर्जिया के अधिकारियों ने आरोपी के भारत प्रत्यर्पण की अनुमति दे दी।’’

बयान के अनुसार हरियाणा पुलिस की एक टीम जॉर्जिया गई, जहां आरोपी को इसे सौंप दिया गया। यह टीम बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंची।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में