(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हुईं, जिनमें देश-विदेश के 8,000 से अधिक केंद्रों पर 46 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बोर्ड परीक्षाओं के पहले दिन, मंगलवार को 10वीं कक्षा के छात्रों ने गणित की परीक्षा दी, जबकि 12वीं कक्षा के लिए जैव प्रद्यौगिकी (बायोटेक्नोलॉजी), उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप), आशुलिपि (हिंदी) और आशुलिपि (अंग्रेजी) विषयों की परीक्षा आयोजित की गई।
शालीमार बाग स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या अल्का कपूर ने कहा, ‘मानक और बुनियादी दोनों स्तर की गणित की परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न हुईं और छात्र अच्छी तरह से तैयार थे। हालांकि, प्रश्नपत्र के दोनों स्तरों को लेकर छात्रों के नजरिए और उनके प्रदर्शन में स्पष्ट अंतर देखा गया। गणित (मानक) का प्रश्नपत्र संतुलित होने के साथ-साथ काफी सुव्यवस्थित भी था।’
उन्होंने कहा, “ प्रश्नपत्र लंबा नहीं था और छात्र निर्धारित समय के भीतर इसे पूरा करने में सफल रहे। कुल मिलाकर, प्रश्नपत्र को सुगम और परीक्षार्थियों के अनुकूल माना जा रहा है।”
जानकारी के अनुसार, 10वीं की परीक्षाएं 10 मार्च को समाप्त होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी।
बोर्ड ने स्थानीय परिस्थितियों, यातायात और मौसम को ध्यान में रखते हुए छात्रों को सुबह 10 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी थी।
सीबीएसई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘जैसा कि पूर्व में भी देखा गया है, कुछ शरारती तत्व परीक्षाओं के दौरान विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर फर्जी खबरें फैलाकर छात्रों और अभिभावकों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं।’
अधिकारी ने कहा कि सीबीएसई, अभिभावकों, छात्रों, स्कूलों और सभी संबंधित पक्षों से सतर्क रहने और अपुष्ट समाचारों, अफवाहों या फर्जी खबरों से गुमराह न होने का आग्रह करता है।
बुधवार को 10वीं की गृह विज्ञान विषय और 12वीं की शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा होगी।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश