सीबीएसई का 12वीं का पुनर्मूल्यांकन परिणाम: पहले चरण में 87 प्रतिशत से अधिक आवेदकों के नतीजे घोषित
सीबीएसई का 12वीं का पुनर्मूल्यांकन परिणाम: पहले चरण में 87 प्रतिशत से अधिक आवेदकों के नतीजे घोषित
नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने रविवार को उन छात्रों के लिए पुनर्मूल्यांकन परिणाम घोषित किया जिन्होंने अपनी 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। पहले चरण में 87 प्रतिशत से अधिक आवेदकों के परिणाम घोषित किए गए।
सीबीएसई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सीबीएसई ने कक्षा 12 के लिए सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के नतीजे जारी करना शुरू कर दिया है।’’
इसने कहा, ‘‘नतीजे चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं और आज कुल प्राप्त आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। बाकी आवेदनों के नतीजे भी चरणों में उपलब्ध होंगे और उम्मीद है कि पूरी प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी।’’
छात्र अपने ‘लॉगिन क्रेडेंशियल्स’ का इस्तेमाल करके सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने अद्यतन अंक देख सकते हैं।
सीबीएसई ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि निष्पक्षता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए हर आवेदन को एक ‘‘मजबूत, पारदर्शी और ठोस निगरानी प्रणाली’’ के ज़रिए परखा गया।
बोर्ड ने कहा, ‘‘छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अफ़वाहों या सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि वाले पोस्ट पर विश्वास न करें और सही जानकारी के लिए केवल सीबीएसई की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।’’
इसने कहा, ‘‘सीबीएसई के कार्यालय छात्रों को मार्गदर्शन और सहायता देने के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।’’
सीबीएसई ने 13 मई, 2026 को लगभग 17.69 लाख छात्र-छात्राओं के कक्षा 12 के नतीजे घोषित किए।
इसने छात्र-छात्राओं को 19 मई से 25 मई, 2026 तक अपनी जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की हुई प्रतियां प्राप्त करने की सुविधा दी थी।
इसके बाद, उन्हें दो जून से सात जून, 2026 तक समस्याओं के सत्यापन और/या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने का समय दिया गया था।
बोर्ड ने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं ने देखी गई खामियों की जांच के लिए आवेदन किया था और जिनके मामले में सीबीएसई ने ‘‘कोई बदलाव नहीं’’ का नतीजा बताया है, अगर वे अपनी उत्तर-पुस्तिकाएं देखना चाहते हैं, तो वे संबंधित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय में ऐसा कर सकते हैं।
इसने कहा कि इसका कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।
प्रवेश और अन्य शैक्षिक उद्देश्यों के लिए अपने संशोधित अंकों का इंतज़ार कर रहे छात्रों की बेचैनी के बीच पुनर्मूल्यांकन के नतीजे घोषित किए गए हैं।
हाल ही में बोर्ड तब विवादों में घिर गया था, जब 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने दावा किया कि सीबीएसई द्वारा अपलोड की गई उनकी उत्तर पुस्तिका की स्कैन की गई कॉपी उनकी लिखावट से मेल नहीं खातीं, जिससे ओएसएम प्रणाली में गड़बड़ी की आशंका पैदा हो गई।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश

Facebook


