भाजपा को जिताने के लिए काम कर रहे हैं सीईसी : सिब्बल

Ads

भाजपा को जिताने के लिए काम कर रहे हैं सीईसी : सिब्बल

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 04:41 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) पूर्व कानून मंत्री कपिल सिब्बल ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत दिलाने के लिए उसके साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह ‘‘राष्ट्रीय शर्म’’ बन चुके हैं।

राज्यसभा सदस्य ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सुरक्षा कर्मियों की बड़े पैमाने पर तैनाती को लेकर भी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर हमला बोला।

सिब्बल ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चर्चित क्रातिकारी नारे ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हे आजादी दूंगा’ को कथित तौर पर स्वामी विवेकानन्द द्वारा दिया गया उद्घोष बताने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें इतिहास और संविधान के बारे में कोई जानकारी नहीं है क्योंकि वह केवल बुलडोजर और ऐसी अन्य चीजों के बारे में जानते हैं।

निर्दलीय सांसद ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चुनाव में पार्टियां लड़ती हैं, सरकार नहीं। यहां (बंगाल में) सरकार चुनाव लड़ रही है। गुजरात से 5,000 लोगों को विशेष ट्रेनों में पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। जो लोग घर जाना चाहते थे, उन पर लाठीचार्ज किया गया, जबकि भाजपा के लोगों को पश्चिम बंगाल ले जाने के लिए एक विशेष ट्रेन चलाई गई।’

सिब्बल ने कहा, अगर रेलवे भाजपा के लोगों को पश्चिम बंगाल ले जा रही है तो यह सीधे तौर पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।

उन्होंने कहा, ‘यह चौंकाने वाला है। ऐसा लगता है कि भारत के संविधान के बाहर पश्चिम बंगाल में आपातकाल की स्थिति है। इस आपातकाल में, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 2,400 प्लाटून को वहां रखा गया है, जिसका मतलब है कि 2.4 लाख सीएपीएफ कर्मी, यानी हर 100 लोगों पर एक सीएपीएफ कर्मी तैनात किया गया है।’

सिब्बल ने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा नहीं, बल्कि सीएपीएफ और निर्वाचन आयोग यह चुनाव लड़ रहे हैं तथा यह ‘राज्य मशीनरी का घोर दुरुपयोग’ है।

भाषा हक

हक माधव

माधव