जनगणना 2027: गुजरात में 17 मई से शुरू होगी स्व-गणना, गृह सूचीकरण एक जून से होगा आरंभ
जनगणना 2027: गुजरात में 17 मई से शुरू होगी स्व-गणना, गृह सूचीकरण एक जून से होगा आरंभ
गांधीनगर, 12 मई (भाषा) गुजरात में जनगणना 2027 का पहला चरण एक जून से शुरू होगा तथा प्रशासन ने घर-घर जाकर जनगणना करने के लिए एक नया कार्यक्रम घोषित किया है।
राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
जनगणना संचालन के निदेशक सुजल मायात्रा ने कहा कि यह कवायद मूल रूप से अप्रैल में होने वाली थी, लेकिन अब जून में 34 जिलों और 17 नगर निगमों में गणनाकर्ता घर-घर जाकर एक समर्पित मोबाइल ऐप के माध्यम से मकानों की दशा और संपत्तियों से जुड़े आंकड़े जुटायेंगे।
उन्होंने कहा कि लोग 17 से 31 मई तक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से जनगणना में भाग ले सकेंगे, जबकि गृह सूचीकरण अभियान एक जून से 30 जून तक चलेगा।
मायात्रा ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि गुजरात में जनगणना का कार्य पहले अप्रैल में शुरू होना था, लेकिन स्थानीय निकाय चुनाव की घोषणा के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था।
जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। जून में पहले चरण में गृह सूचीकरण होगा। फरवरी 2027 में होने वाले दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी।
मायात्रा ने कहा कि पहली बार लोग भारत सरकार के पोर्टल पर अपने घरों, घरेलू सुविधाओं और संपत्तियों से संबंधित जानकारी ऑनलाइन जमा कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह कदम पिछली जनगणनाओं की तुलना में इस बार डिजिटल शासन पर अधिक जोर देने को दर्शाता है।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप

Facebook


