पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव बाद कम से कम दो महीने केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहेंगे : शाह
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव बाद कम से कम दो महीने केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहेंगे : शाह
(फोटो के साथ)
कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद कम से कम दो महीने तक केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। शाह ने मतदाताओं से कहा कि वे अंतिम चरण में ‘दीदी के गुंडों’ के डर के बिना मतदान करें।
उनकी यह टिप्पणी चुनाव के बाद संभावित हिंसा रोकने के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता का संकेत देती है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार के आखिरी दिन एक सभा को संबोधित करते हुए शाह ने ये बातें कहीं। इससे पहले शाह ने बेहला में एक रोड शो किया, जहां बुधवार को मतदान होगा।
पश्चिम बंगाल की 294-सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण के चुनाव में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ था। पहले चरण में रिकॉर्ड 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वोटों की गिनती चार मई को होगी।
शाह ने कहा, ‘‘भाइयो और बहनो, 29 तारीख को जाकर वोट डालिए, दीदी (ममता बनर्जी) के गुंडों की चिंता मत कीजिए। निर्वाचन आयोग ने हर जगह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल को तैनात कर रखा है, और मैं आपको बता रहा हूं कि भले ही चुनाव के बाद भाजपा सत्ता में आ जाए, केंद्रीय बल अगले 60 दिनों तक यहां मौजूद रहेंगे।’’
यह रोड शो बेहला पूर्व और बेहला पश्चिम सीटों के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार के अंतिम दिन आयोजित किया गया, जिससे दक्षिण कोलकाता का यह इलाका भगवा रंग में रंग गया। खुले वाहन पर खड़े होकर शाह ने समर्थकों का अभिवादन किया।
बेहला पूर्व और बेहला पश्चिम सीट से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार के अंतिम दिन यह रोड शो आयोजित किया गया। इस दौरान दक्षिण कोलकाता का यह इलाका भगवा रंग में रंगा नजर आया।
खुले वाहन पर सवार शाह ने समर्थकों का अभिवादन किया। इस दौरान भाजपा समर्थक “जय श्री राम” तथा “भारत माता की जय” के नारे लगाते रहे।
शाह ने समर्थकों का अभिवादन किया और सड़क के दोनों ओर इकट्ठा भीड़ पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।
भाजपा के पक्ष में चुनावी लहर का दावा करते हुए शाह ने कहा कि सत्ता में आने के बाद पार्टी घुसपैठियों और राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं चंदननगर में दीदी के गुंडों को चेतावनी देना चाहता हूं कि वे 29 अप्रैल को मतदाताओं को डराने-धमकाने के लिए बाहर न निकलें। चार मई के बाद भाजपा दोषियों को सजा देगी और उन्हें उल्टा लटका देगी।”
बाद में शाह ने हुगली जिले के चंदननगर में भी एक और भव्य रोड शो किया, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी।
इस मौके पर गृह मंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त लहर है और सत्ता में आने के बाद पार्टी “सभी घुसपैठियों को बाहर कर देगी।”
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर सामाजिक कल्याण योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया और कहा कि इसमें शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल को “सोनार बांग्ला (स्वर्णिम बंगाल)” बनाने के लिए राज्य में भाजपा को सत्ता में लाना जरूरी है।
पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान 50 से अधिक रैलियों और रोड शो को संबोधित करने वाले शाह 20 अप्रैल की रात से ही कोलकाता में रुके थे।
उन्होंने पार्टी की चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर संगठनात्मक लामबंदी पर बारीकी से नजर रखी, जिससे राज्य में भाजपा के उच्चस्तरीय चुनावी अभियान का पता चलता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अपने आरोपों को दोहराते हुए कहा कि वह (दीदी) मतदाता सूची से घुसपैठियों को हटाने का विरोध कर रही हैं और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए अवैध प्रवासियों को संरक्षण दे रही है।
रोड शो समाप्त करने के बाद शाह ने कहा कि भाजपा राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए तैयार है और उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दोहराया।
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा की सरकार बनेगी। हम यूसीसी लागू करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि चार मई के बाद किसी को भी बहुविवाह करने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बनर्जी हुमायूं कबीर के माध्यम से बंगाल में ‘बाबरी मस्जिद’ बनवाना चाहती हैं।
शाह ने कहा, ‘‘ममता दीदी चाहती हैं कि उनके सहयोगी हुमायूं कबीर बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाएं। दीदी, ध्यान से सुनिए। बंगाल भारत में है। हम बंगाल में बाबरी मस्जिद कभी नहीं बनने देंगे।’’
उन्होंने तृणमूल सरकार के कार्यकाल में सामाजिक कल्याण योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया और कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
शाह ने हुगली नदी और बंगाल की खाड़ी के पवित्र संगम पर स्थित गंगासागर का भी दौरा किया और भारतीय सेना के वीर जवानों के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने दक्षिण 24 परगना के गंगासागर में कहा, ‘‘मैंने उन वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। हर भारतीय को हमारी सुरक्षा बलों के साहस पर गर्व है, जो अकल्पनीय चुनौतियों के बावजूद देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देते हैं।’’
शाह ने ऐतिहासिक कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना की और देश की भलाई के लिए आशीर्वाद मांगा।
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश

Facebook


