कोलकाता : मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद छात्र के माथे से ‘तिलक हटाने’ वाली शिक्षिका निलंबित

Ads

कोलकाता : मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद छात्र के माथे से ‘तिलक हटाने’ वाली शिक्षिका निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 12:01 AM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 12:01 AM IST

कोलकाता, चार सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद कोलकाता के एक निजी मिशनरी स्कूल ने एक शिक्षिका को निलंबित कर दिया। शिक्षिका पर आरोप है कि वह एक छात्र के माथे पर लगा चंदन का तिलक बार-बार हटा देती थी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शिक्षिका के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

यह घटना तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें छात्र ने आरोप लगाया कि स्कूल की एक शिक्षिका उसे स्कूल में प्रवेश करने से पहले माथे पर लगाए गए तिलक को पोंछ देती थी।

इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे शैक्षणिक संस्थानों में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह आरोप मुख्यमंत्री के संज्ञान में आया, जिसके बाद प्रशासन ने मामले की जांच की और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी को भी निलंबित करने की घोषणा की। आरोप है कि उक्त कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री या किसी भी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ सरकारी कर्मचारियों की ओर से की गई “अपमानजनक टिप्पणियों” को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाषा तान्या शफीक

शफीक